आमचा विदर्भ - दीपक शर्मा
राजूरा (दि. 19 अगस्त 2026) -
“सुशोभित झूले, फुहारों की बहार, आ गया है सुहाग का पावन त्योहार” की भावना के साथ सावन के पावन अवसर पर राजस्थानी महिला मंडल की ओर से विशेष तीज उत्सव का आयोजन किया गया। स्थानीय श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित इस उत्सव में पारंपरिक गीत-संगीत, नृत्य, झूले और मनोरंजन के साथ ‘तीज क्वीन’ प्रतियोगिता प्रमुख आकर्षण रही। प्रतियोगिता में 20 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ संतोष झंवर, रचना नांवधर, अनिता झंवर, लता चांडक और रमा मालपानी के हाथों दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके बाद गोपिका अडाणीया ग्रुप की ओर से प्रस्तुत विशेष स्वागत नृत्य ने कार्यक्रम में रंग भर दिया। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में उत्साह के साथ तीज उत्सव का आनंद लिया। राजस्थानी महिला मंडल की अध्यक्षा स्वरुपा झंवर तथा सचिव कंचन चांडक के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में ‘तीज क्वीन’ प्रतियोगिता में महिलाओं ने आत्मविश्वास, प्रतिभा और पारंपरिक संस्कृति का सुंदर प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शीतल लोहिया ने की, जबकि प्रमुख अतिथि के रूप में माहेश्वरी महिला मंडल, चंद्रपुर से सारिका गांधी उपस्थित रहीं।
पारंपरिक नृत्य ने बढ़ाई कार्यक्रम की शोभा
तीज उत्सव के दौरान पारंपरिक गीतों और संगीत के साथ महिलाओं ने जमकर नृत्य किया। श्वेता भट्टड, ज्योती चांडक, स्नेहल झंवर, रोशनी झंवर और मोनिका शेखावत ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। सावन के झूलों और मनोरंजक गतिविधियों के बीच महिलाओं ने एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा करते हुए तीज पर्व का भरपूर आनंद लिया। ‘तीज क्वीन’ प्रतियोगिता में स्नेहा चांडक ने प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए ‘तीज क्वीन’ का मान हासिल किया। रोशनी झंवर ने द्वितीय तथा कीर्ती सारडा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं पल्लवी लढ्ढा को ‘लकी लेडी’ चुना गया।
राजस्थानी महिला मंडल की अध्यक्षा स्वरुपा झंवर ने कहा कि महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से ‘तीज क्वीन’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम महिलाओं को अपनी प्रतिभा सामने लाने के साथ ही आपसी मेलजोल और सकारात्मक ऊर्जा का अवसर प्रदान करते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्ष शीतल लोहिया और प्रमुख अतिथि सारिका गांधी ने महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने महिलाओं की सक्रिय सहभागिता और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के प्रयासों की सराहना की। संचालन सरिता झंवर, आभार नीना गोठी ने किया। सफलतार्थ रेखा शर्मा, शोभा झंवर, रानी बजाज, उषा बजाज, गायत्री नांवधर, स्मिता जैन, पूनम सारडा, प्रतीक्षा नांवधर, आशा काबरा, संतोषी खदाव, पायल बजाज और ललिता मनियार ने विशेष परिश्रम किया।
सावन की हरियाली, झूले, पारंपरिक गीत-संगीत, नृत्य और महिलाओं के उत्साह से तीज उत्सव का माहौल बेहद खुशनुमा रहा। कार्यक्रम के सफल आयोजन से राजस्थानी महिला मंडल की सदस्यों में नई ऊर्जा, नए विचार और नई प्रेरणा का संचार हुआ। इस आयोजन ने समाज की संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने के साथ ही महिलाओं के बीच आपसी सौहार्द और एकजुटता का संदेश भी दिया।
#TeejFestival #TeejQueen #RajasthaniMahilaMandal #RajuraNews #ChandrapurNews #SawanTeej #TeejCelebration #RajasthaniCulture #WomenEmpowerment #WomenPower #VidarbhaNews #AamchaVidarbha

टिप्पणी पोस्ट करा
Thanks for your response, We will reply you soon, You haven't followed Aamcha Vidarbha yet, you follow Aamcha Vidarbha now.